03 जुलाई को पलिया पहुंचेगे जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानन्द, शारदा तट पर होगा भव्य स्वागत
आध्यात्मिक श्रीकुल सेवा संस्थान की तैयारियां पूरी, श्रद्धालुओं से दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील।

लखीमपुर खीरी की पावन धरती एक ऐतिहासिक आध्यात्मिक क्षण की साक्षी बनने जा रही है। 03 जुलाई को जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द सरस्वती ‘1008’ का नगर आगमन होगा, जहां शारदा तट पर उनका भव्य स्वागत और सम्मान किया जाएगा।
लखीमपुर खीरी के पलिया नगर में 03 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक आयोजन होने जा रहा है। उत्तराम्नाय ज्योतिष्पीठाधीश्वर, अनन्तश्रीविभूषित जगद्गुरु भगवान शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानन्द सरस्वती ‘1008’ का पावन आगमन पलिया नगर में निर्धारित है। इस अवसर को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
आध्यात्मिक श्रीकुल सेवा संस्थान के संस्थापक श्रीकुलाचार्य गोविन्द माधव ने जानकारी देते हुए बताया कि जगद्गुरु शंकराचार्य का प्रातः 08:30 बजे शारदा तट पर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया जाएगा। इसके बाद उनका प्रातः 09:00 बजे मालगोदाम रोड स्थित प्रेसिडेंट पार्क में आगमन होगा, जहां श्रद्धालुओं को उनके दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर श्रीपीठ मोहल्ला बाजार-2, पलिया में संस्थान के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वागत, सुरक्षा, श्रद्धालुओं की व्यवस्था, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए जिम्मेदारियां तय की गईं।
संस्थान ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों एवं नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर जगद्गुरु शंकराचार्य के दर्शन-पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी है।
पलिया नगर में इस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। स्थानीय श्रद्धालु और विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठन भी आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। माना जा रहा है कि इस ऐतिहासिक आध्यात्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे और शारदा तट भक्तिमय वातावरण से गूंज उठेगा।



