Blogमध्यप्रदेश

मोहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण एवं व्‍यव‍स्थित आयोजन हेतु कटनी कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने अधिकारियों को जारी किए विस्तृत दिशा-निर्देश..

जनलोक टाइम्स से सोनू त्रिपाठी की रिपोर्ट

कटनी- जिले में आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री आशीष तिवारी ने पर्व के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई और कानून व्‍यवस्‍थ्‍या सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए।

इस वर्ष मोहर्रम का मुख्‍य कार्यक्रम (ताजिया जुलूस) शुक्रवार, 26 जून को आयोजित होगा। इसके साथ ही 25 एवं 26 जून को विभिन्न स्थानों से ताजिया जुलूस निकाले जाएंगे। इसे देखते हुए प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं पर जोर

नगर निगम को जुलूस मार्गों एवं प्रमुख स्थलों जैसे इस्लाम चौक, मौला चौक, सुभाष चौक, मिशन चौक, गाटर घाट करबला सहित अन्य क्षेत्रों में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं। नगर निगम द्वारा मार्गों के गड्ढों को भरकर सुधार कार्य किया जाएगा तथा ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जाएगा। साथ ही पेयजल के लिए पर्याप्त टैंकर उपलब्ध कराए जाएंगे और आवारा पशुओं की रोकथाम की व्यवस्था की जाएगी।

बिजली और संचार व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

ताजिया जुलूस के दौरान किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए विद्युत एवं दूरसंचार विभाग को सभी तारों को उचित ऊंचाई पर व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने हेतु भी निर्दशित किया गया है।

कानून-व्यवस्था और यातायात पर विशेष ध्यान

जुलूस के दौरान भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। महिला एवं पुरुष पुलिस बल के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है। पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर सार्वजनिक करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सूचना मिल सके।

स्वास्थ्य सेवाओं की रहेगी विशेष व्यवस्था

त्यौहार के दौरान संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए विभिन्न स्थानों पर एम्बुलेंस, चिकित्सक एवं दवाइयों की व्यवस्था की जाएगी। जिला अस्पताल में 24 घंटे चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी लागू होंगे निर्देश

जारी निर्देश में स्पष्ट किया है कि यह सभी व्यवस्थाएं ग्रामीण क्षेत्रों में भी लागू होंगी। इसके लिए स्थानीय प्रशासन को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

शांति समिति की बैठक अनिवार्य

सभी अनुविभागीय अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को संयुक्‍त रूप से अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि स्थानीय स्तर पर सुझाव लेकर व्यवस्थाएं और बेहतर की जा सकें।

गृह विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन जरूरी

राज्य शासन द्वारा जारी सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे समन्वय बनाकर कार्य करें और मोहर्रम पर्व को शांति, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था के साथ संपन्न कराना सुनिश्चित करें।

Please follow and like us:
Pin Share

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!