उत्तरप्रदेशदुर्घटनालखीमपुर खीरी

बस की टक्कर से ई-रिक्शा सवार वृद्धा की मौत, सात घायल, सपा नेता नरेश यादव ने पहुंचाई मदद

चार घायलों की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर; ग्राम बेला के पास हुआ दर्दनाक हादसा

लखीमपुर खीरी के पलिया-निघासन रोड पर बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक वृद्धा की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके से गुजर रहे समाजवादी पार्टी के पूर्व महासचिव नरेश यादव ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों को अपने निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया।

रिपोर्ट प्रशांत मिश्रा

लखीमपुर खीरी। पलिया तहसील क्षेत्र के पलिया-निघासन मार्ग पर ग्राम बेला के पास बुधवार को एक निजी यात्री बस और ई-रिक्शा की आमने-सामने की टक्कर में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलिया पहुंचाया गया, जहां चार की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।


जानकारी के मुताबिक, ग्राम बेलाखुर्द निवासी सोनी और आरती, पतवारा निवासी गंगादेवी और शांतनु, सेमरीपुरवा निवासी ज्योति तथा आठ वर्षीय अनुराग सहित ग्राम बबौरा निवासी 65 वर्षीय रामेश्वरी देवी पत्नी नेकीराम और एक अन्य व्यक्ति ई-रिक्शा संख्या यूपी 31 सीटी 3008 से पलिया आ रहे थे। जैसे ही ई-रिक्शा ग्राम बेला के पास पहुंचा, तभी पलिया से निघासन की ओर जा रही निजी यात्री बस संख्या यूपी 31 टी 7878 से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा में सवार सभी लोग घायल हो गए। हादसे में 65 वर्षीय रामेश्वरी देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे मैलानी नगर पंचायत की पूर्व चेयरमैन अनीता यादव के पति एवं समाजवादी पार्टी के पूर्व महासचिव नरेश यादव ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और अपने निजी वाहन से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलिया पहुंचाया। कुछ घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल ले जाया गया। नरेश यादव की तत्परता और मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर पलिया और मझगईं पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
मृतका रामेश्वरी देवी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मझगईं थानाध्यक्ष अनिल सिंह पंकज ने बताया कि हादसे में शामिल बस को कब्जे में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!