लखीमपुर खीरी में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। सुबह से हो रही बारिश ने शहर की सड़कों को जलमग्न कर दिया है और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए और बड़े अलर्ट के संकेत दिए हैं। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने 26 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।

लखीमपुर खीरी में बारिश का अलर्ट, स्कूलों में छुट्टी
लखीमपुर खीरी। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज रात से बारिश का दौर और तेज होने की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय मौसम केंद्र लखनऊ के पूर्वानुमान के मुताबिक 26 सितंबर की सुबह से 27 सितंबर की सुबह तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने लखीमपुर खीरी, सीतापुर, श्रावस्ती, बहराइच, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा तराई और मध्य उत्तर प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी भारी बारिश का अलर्ट है।
सुबह से बारिश, शहर की सड़कें जलमग्न
लखीमपुर खीरी में शुक्रवार सुबह से ही बारिश का सिलसिला जारी है। लगातार बारिश के चलते शहर के कई हिस्सों में सड़कों पर पानी भर गया है। जलभराव के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को खासा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।
तराई क्षेत्र में बारिश का असर ज्यादा रहने की संभावना है। नेपाल और हिमालयी क्षेत्र से सटे इलाकों में लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ने और निचले इलाकों में जलभराव का खतरा भी बना हुआ है।
⚠️ 60 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं।
मौसम विभाग के मुताबिक बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा के झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की स्थिति को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
🏫 26 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक स्कूल बंद।

इसी बीच जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक, लखीमपुर-खीरी की ओर से जारी कार्यालय आदेश में 26 सितंबर 2026 को जिले के परिषद/मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्ड से संचालित हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम के कक्षा 1 से 12 तक के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।
आदेश में जिलाधिकारी के निर्देश का हवाला देते हुए अत्यधिक वर्षा, जलभराव एवं अतिवृष्टि की स्थिति/संभावना को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
ऐसे में जिले में बारिश को लेकर प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक जाने से बचने और तेज बारिश व हवाओं के दौरान सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।
फिलहाल लखीमपुर खीरी में बारिश थमने के बजाय और बढ़ने के आसार हैं। ऐसे में अगले 24 घंटे जिले के लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।