आस्थाउत्तर प्रदेश

लखीमपुर खीरी के मैलानी में अग्रसेन पार्क में विराजे महाराजा अग्रसेन, भव्य समारोह में उमड़ा वैश्य समाज

प्रतिमा स्थापना पर हवन-पूजन, जयंती समारोह और विशाल भंडारे का आयोजन; भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता बोले—व्यापार में ईमानदारी और समाजसेवा ही सबसे बड़ी पूंजी

महाराजा अग्रसेन के आदर्शों से गूंजा मैलानी! वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा का अनावरण हुआ तो पूरा पार्क ‘जय अग्रसेन-जय अग्रोहा’ के जयघोष से गूंज उठा। भव्य समारोह में जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और वैश्य समाज के सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। विशाल भंडारे में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

  1. लखीमपुर खीरी। मैलानी कस्बे के श्री महाराजा अग्रसेन पार्क में रविवार को भक्ति, सामाजिक एकता और सेवा भावना का अनूठा संगम देखने को मिला। महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा स्थापना के उपलक्ष्य में हवन-पूजन, जयंती समारोह और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रतिमा का अनावरण होते ही पूरा परिसर ‘जय अग्रसेन-जय अग्रोहा-जय वैश्य समाज’ के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और वैश्य समाज के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया।

‘एक ईंट-एक रुपया’ के सिद्धांत से समाज को मिली प्रेरणा

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने महाराजा अग्रसेन के सामाजिक और आर्थिक आदर्शों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हजारों वर्ष पहले ही सहयोग और सामाजिक समानता का संदेश दिया था। उनका ‘एक ईंट-एक रुपया’ का सिद्धांत समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि मैलानी में स्थापित यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को व्यापार के साथ सेवा और सहयोग का संस्कार देगी।

महाराजा अग्रसेन का शासन था आदर्श

गोला नगर पालिका अध्यक्ष रिंकू शुक्ला ने कहा कि महाराजा अग्रसेन का शासन जनकल्याण और समानता पर आधारित था। उन्होंने अहिंसा का संदेश देते हुए समाज को ईमानदारी और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। आज के व्यापारियों को भी उनके आदर्शों को अपनाकर समाज के विकास में योगदान देना चाहिए।

मैलानी नगर पंचायत अध्यक्ष कीर्ति माहेश्वरी ने प्रतिमा स्थापना को कस्बे के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में अग्रसेन पार्क में महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा स्थापित होना बड़ी उपलब्धि है। नगर पंचायत इस पार्क को जनपद के सुंदर और आदर्श पार्कों में शामिल करने के लिए प्रयास करेगी।

भाजपा नेत्री गुरमीत कौर ने महाराजा अग्रसेन के जीवन से सामाजिक समरसता, नारी सम्मान और एकता की प्रेरणा लेने की बात कही। वहीं, विधान परिषद सदस्य एवं वैश्य शिरोमणि सुधीर गुप्ता ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने व्यापार, त्याग और सहयोग के माध्यम से समाज के समग्र विकास का मार्ग दिखाया। उनके आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं।

वरिष्ठ व्यापारी एवं वैश्य शिरोमणि नित्यानंद गोयल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने व्यापार को केवल लाभ कमाने का साधन नहीं, बल्कि समाजसेवा का माध्यम बनाने की प्रेरणा दी। उनकी शिक्षाएं व्यापारियों को ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी का बोध कराती हैं।

भंडारे में हजारों लोगों ने ग्रहण किया प्रसाद

समारोह में गोला से आए वरिष्ठ व्यापारी सुशील अग्रवाल, नंदन जी महाराज, राजेश गोयल, धर्मचंद गोयल, हनुमान प्रसाद बंसल, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री गोपाल सिंघल, मनोज अग्रवाल, रामचंद्र अग्रवाल, आकाश बंसल, सतीश गुप्ता, नामवर सिंह, विजय गुप्ता, मुरारी लाल अग्रवाल, द्वारका प्रसाद गोयल, चित्रा गोयल, प्रिया अग्रवाल, पूर्व चेयरपर्सन सत्यवती, अंकित गोयल, अरविंद गोयल, सोमदत्त प्रजापति और संजीव गुप्ता सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में भवानी शंकर माहेश्वरी ने अतिथियों और वैश्य समाज के लोगों को स्मृति चिह्न भेंट कर आभार व्यक्त किया। इसके बाद आयोजित विशाल भंडारे में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा स्थापना को मैलानी में सामाजिक एकता, सेवा और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण आयोजन के रूप में देखा गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Home
Mobile App
YouTube
Facebook
Game
error: © Ground Zero Report Digital Content is protected. Copying is not allowed.
▶ f ◎
लखीमपुर खीरीउत्तर प्रदेशदेशदुनिया