क्राइमलखीमपुर खीरी

आधी रात घर में घुसे हमलावर, 8 वर्षीय मासूम की हत्या; बेटे को बचाने में मां भी घायल

लखीमपुर खीरी के निघासन क्षेत्र के तारानगर गांव में सनसनी, जमीनी विवाद से जुड़ी रंजिश की आशंका; आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

तारानगर गांव में उस समय मातम पसर गया जब देर रात घर में घुसे हमलावरों ने एक 8 वर्षीय मासूम की बेरहमी से हत्या कर दी। बेटे को बचाने के लिए बीच में आई मां भी घायल हो गई। जमीनी विवाद से जुड़ी इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है।

लखीमपुर खीरी। जिले के निघासन कोतवाली क्षेत्र की झंडी चौकी अंतर्गत ग्राम तारानगर में हुई एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। देर रात अज्ञात हमलावरों ने एक घर में घुसकर 8 वर्षीय मासूम रवि की धारदार हथियार से हत्या कर दी। इस दौरान बेटे को बचाने का प्रयास कर रही उसकी मां भी घायल हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, मासूम रवि अपने परिवार के साथ घर में सो रहा था। आरोप है कि देर रात कुछ हमलावर घर में घुस आए और बच्चे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। बेटे की चीख सुनकर मां उसे बचाने के लिए आगे आई, लेकिन हमलावरों ने उसे भी घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सुबह घटना की जानकारी होते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने आशंका जताई है कि लंबे समय से चल रहे जमीनी विवाद के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया है। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही निघासन पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायल मां का उपचार कराया जा रहा है। फोरेंसिक टीम द्वारा भी साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अवध राज सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। परिजनों द्वारा जताई गई आशंकाओं के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है। संदिग्धों की तलाश के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।
फिलहाल गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है। मासूम रवि की हत्या ने पूरे क्षेत्र को शोक और आक्रोश से भर दिया है। ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Back to top button
Home
Mobile App
YouTube
Facebook
Game
error: © Ground Zero Report Digital Content is protected. Copying is not allowed.
f
लखीमपुर खीरीउत्तर प्रदेशदेशदुनिया