क्राइमलखीमपुर खीरी

5 साल पहले हुई थी शादी, अब संदिग्ध हालात में मिली शहनाज की लाश… हत्या या हादसा?

सिर पर चोट के निशान देख भड़के परिजन, ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप; मजिस्ट्रेट की निगरानी में कराया गया पोस्टमार्टम

लखीमपुर खीरी में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पांच साल पहले जिस घर से शहनाज की डोली उठी थी, वहीं से अब उसकी अर्थी निकली। सिर पर चोट के निशान देखकर मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है। आखिर शहनाज की मौत के पीछे क्या है सच्चाई? क्या यह हादसा है या फिर किसी साजिश का नतीजा? पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी है और अब सबकी नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है।

लखीमपुर खीरी। पढुआ थाना क्षेत्र के ढखेरवा खालसा गांव में शुक्रवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। वहीं मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, सिंगाही थाना क्षेत्र के झाला मोहल्ला निवासी सिराजुद्दीन की 25 वर्षीय पुत्री शहनाज का विवाह लगभग पांच वर्ष पूर्व ढखेरवा खालसा निवासी मैकू के पुत्र रॉबिन के साथ हुआ था। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों के माध्यम से मायके पक्ष को शहनाज की मौत की सूचना मिली। सूचना पाकर पहुंचे परिजनों ने विवाहिता की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए बताया कि उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान मौजूद थे, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।
घटना की सूचना पर पहुंची पढुआ पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी मोहित पुंडीर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
वहीं क्षेत्राधिकारी शिवम कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। मजिस्ट्रेट की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना की तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button
Home
Mobile App
Search
YouTube
Facebook
error: © Ground Zero Report Digital Content is protected. Copying is not allowed.