सिंगाही में नगर पंचायत का वाटर कूलर बना मौत का कारण, करंट लगने से 9 वर्षीय मासूम की मौत,मुआवजे और नौकरी के आश्वासन पर शांत हुए परिजन
कौन है आखिर मासूम की मौत का जिम्मेदार?

लखीमपुर खीरी जिले के सिंगाही कस्बे में नगर पंचायत द्वारा सार्वजनिक उपयोग के लिए लगाए गए वाटर कूलर (आरओ प्लांट) में उतरे करंट ने एक नौ वर्षीय मासूम की जिंदगी छीन ली। जामा मस्जिद के पास हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। नगर पंचायत की लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं, जबकि प्रशासन ने पीड़ित परिवार को दो लाख रुपये मुआवजा और सरकारी नौकरी दिलाए जाने का आश्वासन दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार से सिंगाही नगरपंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर आठ वाल्मीकि मोहल्ला निवासी राजेश का 9 वर्षीय पुत्र ऋतिक उर्फ चन्नी आज सोमवार को अपने बाबा राजाराम के साथ शाम को बाजार गया था। राजाराम बाजार में सूप बेचने का कार्य करते हैं। इसी दौरान प्यास लगने पर ऋतिक अपने फुफेरे भाई अंश के साथ वार्ड नंबर 13 स्थित जामा मस्जिद के पास नगर पंचायत द्वारा लगाए गए वाटर कूलर पर पानी पीने पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वाटर कूलर में करंट उतर रहा था। अंश ने बताया कि उसे पानी पीते समय हल्का झटका महसूस हुआ, लेकिन जब ऋतिक ने टोंटी पकड़कर पानी पीने की कोशिश की तो वह तेज करंट की चपेट में आ गया और मशीन से चिपक गया। मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में लकड़ी के डंडे की मदद से उसे करंट से अलग किया और पास के चिकित्सक के यहां ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया कि हादसे के समय ऋतिक के पिता राजेश अपनी पत्नी के साथ बहराइच जनपद के कारीकोट मेले में गए हुए थे। सूचना मिलने पर वे तत्काल घर लौट आए। मासूम की मौत से पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक दिलीप चौबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई। वहीं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर एकत्र हो गए।
प्रभारी ईओ एवं निघासन एसडीएम राजीव निगम ने बताया कि संबंधित वाटर कूलर लगभग पांच वर्ष पहले स्थापित किया गया था और उसकी समय-समय पर मरम्मत व देखरेख कराई जाती रही है। उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इधर, प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता और एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिलाने का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन शांत हुए। हालांकि परिजनों ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। थाना प्रभारी दिलीप चौबे ने बताया कि अभी तक परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।पुलिस ने परिजनों की मांग पर शव का पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया है।



