लखीमपुर खीरी: पालतू हिंसक कुत्ते का आतंक, 1 साल में दर्जनों लोगों पर हमला, 13 वर्षीय बच्ची गंभीर घायल
घर से निकली बच्ची पर टूटा हिंसक कुत्ता, CCTV VIDEO वायरल

उत्तर प्रदेश के
लखीमपुर खीरी जिले के पलिया कोतवाली क्षेत्र के इंदिरा नगर मोहल्ले में एक पालतू कुत्ते का आतंक लोगों के लिए बड़ी परेशानी और डर का कारण बन चुका है। मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि पिछले करीब एक साल से यह कुत्ता लगातार लोगों पर हमला कर रहा है और अब तक दर्जनों लोगों को काटकर घायल कर चुका है। बावजूद इसके, कई शिकायतों और मुख्यमंत्री पोर्टल पर गुहार लगाने के बाद भी प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
ताजा मामला सोमवार का है, जब इस हिंसक कुत्ते ने एक 13 वर्षीय बच्ची पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। इस घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बच्ची अपने घर से बाहर निकलती है। इसी दौरान अचानक कुत्ता उस पर हमला कर देता है। बच्ची खुद को बचाने की कोशिश करती है लेकिन कुत्ता उसे बुरी तरह नोच लेता है। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बच्ची को बचाया। हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद बच्ची काफी डरी हुई है। पीड़ित बच्ची ने बताया कि वह मोबाइल लेने के लिए घर से बाहर निकली थी, तभी कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। घटना को याद करते हुए बच्ची रोने लगी। परिजनों का कहना है कि हमले के बाद से बच्ची बेहद सहमी हुई है और घर से बाहर निकलने में डर रही है।
बच्ची की मां ने बताया कि यह कुत्ता पिछले एक साल से मोहल्ले में आतंक का कारण बना हुआ है। कई लोग इसके हमले का शिकार हो चुके हैं लेकिन प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। उन्होंने कहा कि कई बार पुलिस और स्थानीय प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला।
स्थानीय लोगों के मुताबिक यह कुत्ता परमानंद पांडेय नाम के व्यक्ति का पालतू है। लोगों का आरोप है कि कुत्ता बेहद आक्रामक हो चुका है और राह चलते लोगों पर अचानक हमला कर देता है। बच्चों और बुजुर्गों में इस कुत्ते को लेकर सबसे ज्यादा डर है। मोहल्ले के लोग अब अपने बच्चों को अकेले बाहर भेजने से भी डरने लगे हैं।
इस मामले में दो CCTV वीडियो सामने आए हैं। पहला वीडियो करीब एक साल पुराना बताया जा रहा है, जिसमें यही कुत्ता एक 7 वर्षीय बच्चे पर हमला करता दिखाई दे रहा है। उस घटना में भी बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ था। वहीं दूसरा वीडियो सोमवार की घटना का है, जिसमें 13 वर्षीय बच्ची पर हमला साफ नजर आ रहा है। दोनों वीडियो वायरल होने के बाद अब प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
मोहल्ले के रहने वाले राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि उन्होंने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी दर्ज कराई थी। शिकायत संख्या 40015325025902 के जरिए प्रशासन को पूरे मामले से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती तो शायद आगे होने वाली घटनाओं को रोका जा सकता था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रहे हमलों के कारण पूरे इलाके में भय का माहौल है। लोग घरों से निकलने में डर महसूस कर रहे हैं। खासकर बच्चे और महिलाएं सबसे ज्यादा डरे हुए हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस हिंसक कुत्ते के खिलाफ कार्रवाई की जाए ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन वायरल वीडियो और लगातार सामने आ रही घटनाओं ने इलाके में दहशत बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि आखिर प्रशासन इस मामले में कब तक कार्रवाई करता है और लोगों को इस आतंक से राहत मिल पाती है या नहीं।



