पंजाब पर कांग्रेस की बड़ी बैठक, राहुल के सामने ही भिड़ गए दो बड़े नेता, जानें क्या है पूरा माजरा

पंजाब में पार्टी को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर शुक्रवार (29 मई 2026) को राज्य कांग्रेस नेताओं की हाईकमान के साथ बैठक हुई. इस बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रभारी महासचिव भूपेश बघेल, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा सहित कई नेता शामिल हुए. सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में केंद्रीय नेतृत्व के सामने पंजाब के कांग्रेस नेताओं के बीच हुई तीखी नोकझोंक हुई.
प्रताप सिंह बाजवा मीटिंग से बाहर निकले
सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में पंजाब विधासनभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा नाराज हो गए और बैठक से निकल गए. उन्होंने कहा, ‘मैंने अपनी बात केंद्रीय नेतृत्व के सामने रख दी है.’ दरअसल निकाय चुनाव में आज आए परिणामों को लेकर प्रताप सिंह बाजवा प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के ऊपर आरोप लगा रहे हैं. कांग्रेस के कई नेताओं ने केंद्रीय नेतृत्व के सामने कहा कि जिसके ऊपर पूरे प्रदेश को जिताने की जिम्मेदारी है वह अपना गृह जिला भी नहीं जीत सके.
बैठक में मतभेद खुलकर सामने आए
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दिल्ली में पंजाब कांग्रेस के नेताओं और कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक बुलाई. यह बैठक ऐसे समय पर हो रही है जब बीजेपी ने हाल ही में सुनील जाखड़ को हटाकर, कांग्रेस के पूर्व नेता केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब बीजेपी का नया अध्यक्ष बनाया. बैठक का मुख्य फोकस पंजाब कांग्रेस को मजबूत करना और पार्टी के भीतर के आपसी मतभेदों को सुलझाकर सभी नेताओं को एकजुट करना है, लेकिन बैठक के बीच ही मतभेद खुलकर सामने आ गए.
निकाय चुनाव में AAP की जीत
पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) ने शुक्रवार को 102 नगर निकायों में शानदार जीत दर्ज की. अब तक हुई मतगणना में शामिल 1,765 वार्डों में से आम आदमी पार्टी ने 862 वार्डों में जीत हासिल की. कुल 1,977 वार्डों में 26 मई को मतदान हुआ था. प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस 348 सीटें जीतकर दूसरे स्थान पर रही. निर्दलीय उम्मीदवार 242 वार्ड जीतकर तीसरे स्थान पर रहे. वहीं, शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) ने 169 वार्ड जीते.



