यूपी कैबिनेट विस्तार में नाम न आने पर पहली बार बोले बीजेपी विधायक रोमी साहनी… क्या पार्टी के अंदर चल रही है खींचतान? क्या पूर्व केंद्रीय मंत्री से मतभेद पड़े भारी? ग्राउंड जीरो रिपोर्ट डिजिटल के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में रोमी साहनी ने खोले कई बड़े राज…
“मंत्री नहीं बना तो क्या…” रोमी साहनी का बड़ा बयान, बोले- 2027 में आ सकता है नाम!

यूपी कैबिनेट विस्तार में नाम न आने पर पहली बार बोले बीजेपी विधायक रोमी साहनी… क्या पार्टी के अंदर चल रही है खींचतान? क्या पूर्व केंद्रीय मंत्री से मतभेद पड़े भारी? ग्राउंड जीरो रिपोर्ट डिजिटल के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में रोमी साहनी ने खोले कई बड़े राज…
https://www.facebook.com/share/v/1M7pZsnvKJ/
लखीमपुर खीरी की पलिया विधानसभा से
बीजेपी के चर्चित विधायक रोमी साहनी ने ग्राउंड जीरो रिपोर्ट डिजिटल को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में कैबिनेट विस्तार से लेकर पार्टी के अंदरूनी समीकरण, जनता में पैसे बांटने वाले वीडियो और क्षेत्र के विकास को लेकर खुलकर अपनी बात रखी।
हाल ही में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में रोमी साहनी का नाम काफी चर्चा में रहा था। राजनीतिक गलियारों में यह माना जा रहा था कि इस बार उन्हें मंत्री पद मिल सकता है, लेकिन अंतिम सूची में उनका नाम शामिल नहीं हुआ। इस मुद्दे पर पहली बार खुलकर बोलते हुए रोमी साहनी ने कहा कि उन्होंने कभी मुख्यमंत्री से मंत्री बनने की इच्छा जाहिर नहीं की।
उन्होंने कहा कि “मेरी खुद की कोई इच्छा नहीं थी कि मैं मंत्री बनूं, लेकिन क्षेत्र की जनता चाहती थी कि लखीमपुर खीरी को मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व मिले। मीडिया में नाम जरूर चला था, लेकिन मंत्री न बनने का कोई मलाल नहीं है। अगर पार्टी चाहेगी तो 2027 में भी मौका मिल सकता है।”
रोमी साहनी ने साफ कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य जनता की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी पद की लालसा नहीं है और वह विधायक रहते हुए भी लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता देकर काम करते रहेंगे।
इंटरव्यू के दौरान जब उनसे जनता में पैसे बांटने और उसके वीडियो वायरल कर राजनीतिक फायदा लेने के आरोपों पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने बेहद अलग अंदाज में जवाब दिया। रोमी साहनी ने कहा कि वह वीडियो राजनीतिक चमकाने के लिए नहीं बनाते बल्कि समाज में एक संदेश देने के लिए बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि “अगर मेरे वीडियो देखकर कोई दूसरा विधायक, समाजसेवी या सक्षम व्यक्ति गरीबों की मदद करने के लिए प्रेरित होता है तो यही सबसे बड़ी बात है। मेरा उद्देश्य सिर्फ इतना होता है कि जरूरतमंदों की मदद लोगों तक पहुंचे और दूसरे लोग भी आगे आएं।”
बीजेपी के पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के साथ मतभेदों की चर्चाओं पर भी रोमी साहनी ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पार्टी के अंदर कोई बड़ा विवाद नहीं है। छोटी-मोटी बातें राजनीति में होती रहती हैं लेकिन सभी लोग एक ही पार्टी के कार्यकर्ता हैं और जनता के लिए काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि “हम लोगों के बीच ऐसा कोई बड़ा विवाद नहीं है जिससे कोई नुकसान हो। राजनीति में विचार अलग हो सकते हैं लेकिन हमारा उद्देश्य जनता की सेवा ही है।”
वहीं जब उनसे पूछा गया कि आने वाले समय में वह अपनी विधानसभा के लिए कौन सा बड़ा सपना देखते हैं, तो उन्होंने कहा कि उनका सबसे बड़ा लक्ष्य क्षेत्र को बाढ़ की समस्या से राहत दिलाना है। इसके अलावा वह इलाके में एक बड़ा स्टेडियम बनवाना चाहते हैं ताकि युवाओं को खेल के बेहतर अवसर मिल सकें।
रोमी साहनी का यह इंटरव्यू अब जिले की राजनीति में नई चर्चा का विषय बन गया है। मंत्री पद न मिलने के बाद भी उनका बयान यह संकेत दे रहा है कि वह खुद को भविष्य की बड़ी राजनीति के लिए तैयार मानते हैं, जबकि दूसरी तरफ उन्होंने जनता की सेवा को ही अपनी सबसे बड़ी प्राथमिकता बताया है।



