उत्तरप्रदेशलखीमपुर खीरी

लखीमपुर को जल्द मिलेगी बड़ी सौगात! मेडिकल कॉलेज की हॉस्पिटल विंग पर डीएम की सख्ती, कमियां दूर कर जल्द हैंडओवर के आदेश

निरीक्षण के दौरान डीएम अंजनी कुमार सिंह ने निर्माण एजेंसी को लगाई फटकार, कहा- गुणवत्ता से समझौता नहीं, लाखों लोगों के इलाज से जुड़ी है परियोजना

अब लखीमपुर खीरी के लोगों को बेहतर इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। बहुप्रतीक्षित मेडिकल कॉलेज की हॉस्पिटल विंग को जल्द शुरू करने के लिए डीएम अंजनी कुमार सिंह ने मोर्चा संभाल लिया है। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों पर सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

लखीमपुर खीरी में वर्षों से इंतजार का विषय बने मेडिकल कॉलेज की हॉस्पिटल विंग को जल्द क्रियाशील बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने मेडिकल कॉलेज परिसर पहुंचकर हॉस्पिटैलिटी ब्लॉक-ए, बी और सी का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, चिकित्सा सुविधाओं और अस्पताल संचालन से जुड़ी तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य और विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा चिन्हित की गई तकनीकी एवं व्यवस्थागत कमियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि सभी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल दूर किया जाए, ताकि अस्पताल का हैंडओवर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।
लाखों लोगों को मिलेगा बेहतर इलाज
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार जिले में उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ मेडिकल कॉलेज परियोजना को आगे बढ़ा रही है। यह केवल एक भवन निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि लाखों लोगों की उम्मीदों और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी महत्वाकांक्षी योजना है।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की हॉस्पिटल विंग शुरू होने के बाद न सिर्फ लखीमपुर खीरी बल्कि आसपास के जिलों और सीमावर्ती क्षेत्रों के मरीजों को भी आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इससे गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को बड़े शहरों की ओर जाने की मजबूरी भी काफी हद तक कम होगी।
गुणवत्ता से समझौता नहीं, लापरवाही पर होगी कार्रवाई


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि हैंडओवर में अनावश्यक देरी हुई या मानकों के अनुरूप कार्य नहीं मिला तो संबंधित एजेंसियों और अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। साथ ही मेडिकल कॉलेज प्रशासन को विद्युत विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर जल्द से जल्द बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी कराने के भी निर्देश दिए।
कई अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता, मेडिकल कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. वाणी गुप्ता, सीएमएस डॉ. आर.के. कोली, डॉ. ए.के. गुप्ता, अधिशासी अभियंता अशोक कुमार, डीएसटीओ समेत निर्माण एजेंसी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
माना जा रहा है कि प्रशासन की सक्रियता के बाद मेडिकल कॉलेज की हॉस्पिटल विंग के संचालन की प्रक्रिया में तेजी आएगी और जिले के लोगों को लंबे इंतजार के बाद आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की सौगात मिल सकेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!