उत्तरप्रदेशलखीमपुर खीरी

‘लापरवाही बर्दाश्त नहीं’… लखीमपुर पहुंचते ही आईजी का बड़ा संदेश, अपराध और तस्करी पर चला सख्ती का डंडा

लखनऊ रेंज के आईजी किरण ने एसपी ख्याति गर्ग समेत जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, अपराध, तस्करी और त्योहारों को लेकर जारी किए कड़े निर्देश

भारत-नेपाल सीमा से सटे संवेदनशील लखीमपुर खीरी जिले में आखिर ऐसा क्या है, जिसे लेकर आईजी रेंज लखनऊ किरण खुद मोर्चा संभालने पहुंचे? समीक्षा बैठक में कानून व्यवस्था से लेकर तस्करी, अवैध कारोबार और त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था तक कई अहम मुद्दों पर अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई।

लखनऊ रेंज के आईजी किरण शुक्रवार को लखीमपुर खीरी पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था और भारत-नेपाल सीमा से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
समीक्षा बैठक के दौरान आईजी ने थानों में दर्ज होने वाले मुकदमों पर प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों और मुकदमों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपराध के प्रति गंभीरता दिखाने और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सीमा से सटे जिले में अतिरिक्त सतर्कता के निर्देश
आईजी किरण ने कहा कि लखीमपुर खीरी एक संवेदनशील जिला है, जो अंतरराष्ट्रीय भारत-नेपाल सीमा से जुड़ा हुआ है। ऐसे में यहां तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों को अन्य जिलों की अपेक्षा अधिक सतर्क और सक्रिय रहने की आवश्यकता है।
उन्होंने सीमा क्षेत्र में होने वाली तस्करी, अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही सीमा क्षेत्रों में खुफिया तंत्र को मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने को कहा।
त्योहारों को लेकर भी दिए विशेष निर्देश
आगामी त्योहारों के मद्देनजर आईजी ने सभी थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहले से तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिशों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जनता में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
पत्रकारों से भी की बातचीत
समीक्षा बैठक के बाद आईजी किरण ने रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सीमावर्ती जनपद होने के कारण लखीमपुर खीरी में विशेष रणनीति के तहत पुलिस कार्य कर रही है और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस जनता के सहयोग से जिले में शांति और सुरक्षा का माहौल बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!