संघर्ष की जीत: पिता को खोने वाली रिया गुप्ता ने 5वीं बार में NEET जीता, वैश्य समाज ने किया सम्मान
ऑल इंडिया में 16 हजारवीं और उत्तर प्रदेश में 7 हजारवीं रैंक हासिल करने वाली रिया गुप्ता को वैश्य समाज के पदाधिकारियों ने मोमेंटो देकर किया सम्मानित।

पिता की असमय मौत, आर्थिक चुनौतियां और लगातार चार बार की असफलता… लेकिन रिया गुप्ता ने हार नहीं मानी। पांचवीं कोशिश में NEET में शानदार सफलता हासिल कर पूरे पलिया का नाम रोशन कर दिया।
रिपोर्ट -प्रशांत मिश्रा
लखीमपुर खीरी/ पलियाकलां-खीरी। कहते हैं कि यदि इरादे मजबूत हों तो परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, मंजिल एक दिन जरूर मिलती है। पलिया नगर की होनहार बेटी रिया गुप्ता ने इसी जज्बे और मेहनत के दम पर नीट परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर यह साबित कर दिया कि लगातार प्रयास करने वालों की कभी हार नहीं होती। रिया ने पांचवें प्रयास में नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर ऑल इंडिया में 16 हजारवीं और उत्तर प्रदेश में 7 हजारवीं रैंक हासिल करते हुए अपने परिवार, शहर और जिले का नाम रोशन किया है।
रिया की सफलता के पीछे संघर्ष की एक लंबी कहानी छिपी है। कुछ वर्ष पहले ब्लड कैंसर से जूझते हुए उनके पिता हरीश गुप्ता का निधन हो गया था। पिता के निधन के बाद परिवार पर आर्थिक और मानसिक संकट आ गया, लेकिन मां गीता गुप्ता ने हिम्मत नहीं हारी। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने बेटी की पढ़ाई जारी रखी और हर कदम पर उसका हौसला बढ़ाया।
पिता की बीमारी के दौरान बेहतर इलाज न मिल पाने का दर्द रिया के मन में हमेशा बना रहा। तभी उन्होंने संकल्प लिया कि वह डॉक्टर बनेंगी, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसी पीड़ा का सामना न करना पड़े। इसी लक्ष्य को लेकर उन्होंने लगातार मेहनत की। शुरुआती चार प्रयासों में सफलता नहीं मिली, लेकिन उन्होंने हार मानने के बजाय अपनी तैयारी और मजबूत की। आखिरकार पांचवें प्रयास में उनका सपना साकार हो गया।
रिया की सफलता की खबर मिलते ही परिवार में खुशी का माहौल छा गया। मां की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े, वहीं शुभचिंतकों और नगरवासियों का उनके घर बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया। हर कोई रिया की मेहनत, संघर्ष और दृढ़ संकल्प की सराहना कर रहा है।
इसी क्रम में वैश्य समाज के विधानसभा अध्यक्ष पवित्र प्रकाश गुप्ता, नगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, महामंत्री धीरज गुप्ता, कोषाध्यक्ष रितेश अग्रवाल तथा शैलेन्द्र श्रीवास्तव (हैप्पी) सहित समाज के अन्य पदाधिकारी और सदस्य रिया गुप्ता के आवास पहुंचे। उन्होंने रिया को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि रिया की सफलता पूरे समाज और क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा है।
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि रिया गुप्ता ने कठिन परिस्थितियों में भी हार न मानकर यह साबित कर दिया कि सच्ची लगन, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि रिया जैसी बेटियां समाज का गौरव हैं और उनकी उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करती रहेगी।



