कर्नाटक में सिद्धारमैया युग का अंत! राज्यपाल ने मंजूर किया इस्तीफा, DK को कब मिलेगी कमान?

कर्नाटक की राजनीति में बड़ा बदलाव हो गया है. राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है. इसके साथ ही उनकी अगुवाई वाली मंत्रिपरिषद को भी तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है. हालांकि नई व्यवस्था होने तक सिद्धारमैया कार्यवाहक मुख्यमंत्री के तौर पर काम करते रहेंगे.
सिद्धारमैया ने 28 मई को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था. पिछले कई दिनों से कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर अटकलें चल रही थीं. इसी बीच कांग्रेस आलाकमान के निर्देश के बाद उन्होंने पद छोड़ दिया. बताया गया कि जब सिद्धारमैया ने इस्तीफा सौंपा, उस समय राज्यपाल थावरचंद गहलोत बेंगलुरु में मौजूद नहीं थे. इसलिए इस्तीफा पहले राजभवन के अधिकारियों को सौंपा गया था.
राज्य राजनीति में सक्रिय रहने की कही बात
इस्तीफे के बाद मीडिया से बातचीत में सिद्धारमैया ने कहा कि उन्हें राज्यसभा भेजने का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन उन्होंने इसे विनम्रता से ठुकरा दिया. उन्होंने कहा, “मैं राज्य की राजनीति में ही रहना चाहता हूं. मुझे राष्ट्रीय राजनीति में कोई रुचि नहीं है. मेरे पास विधायक के तौर पर अभी दो साल का कार्यकाल बचा है और मैं जनता की सेवा करता रहूंगा.”



