दुधवा के जंगल में दिखे एक साथ 3 टाइगर, सैलानियों ने मोबाइल में कैद किया रोमांचक
किशनपुर रेंज में सैलानियों को दिखा दुर्लभ नजारा

दुधवा टाइगर रिजर्व की किशनपुर रेंज में जंगल सफारी पर निकले सैलानियों को उस वक्त हैरान कर देने वाला नजारा देखने को मिला, जब एक साथ तीन टाइगर जंगल में दिखाई दिए। दुर्लभ दृश्य का VIDEO अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
लखीमपुर खीरी के Dudhwa Tiger Reserve से एक बेहद रोमांचक और दुर्लभ दृश्य सामने आया है। दुधवा टाइगर रिजर्व की किशनपुर रेंज में जंगल सफारी पर पहुंचे सैलानियों को एक साथ तीन टाइगर दिखाई दिए। इस अद्भुत नजारे को पर्यटकों ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जिसका VIDEO अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि किशनपुर रेंज में सफारी के दौरान पर्यटक जंगल के भीतर भ्रमण कर रहे थे। तभी अचानक जंगल के रास्ते पर एक साथ तीन टाइगर दिखाई दिए। टाइगरों को इतने करीब और एक साथ देखकर सैलानी रोमांचित हो उठे। कई पर्यटकों ने तुरंत अपने मोबाइल फोन निकालकर इस दुर्लभ पल को रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया।
VIDEO में साफ देखा जा सकता है कि तीनों टाइगर जंगल के भीतर बेहद शांत अंदाज में घूमते नजर आ रहे हैं। कुछ देर तक यह दृश्य सैलानियों को देखने को मिला, जिसके बाद टाइगर धीरे-धीरे जंगल के भीतर चले गए। इस दौरान सफारी में मौजूद लोग लगातार इस दृश्य को अपने कैमरे में कैद करते रहे।
वन्यजीव जानकारों के मुताबिक टाइगर स्वभाव से अकेला रहना पसंद करता है। सामान्य तौर पर एक टाइगर अपना अलग इलाका बनाकर रहता है और दूसरे टाइगरों से दूरी बनाए रखता है। ऐसे में जंगल के भीतर एक साथ तीन टाइगर दिखाई देना बेहद दुर्लभ माना जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह दृश्य किसी खास मूवमेंट या पारिवारिक गतिविधि का हिस्सा भी हो सकता है।
दुधवा टाइगर रिजर्व देश के प्रमुख टाइगर रिजर्व में गिना जाता है। यहां बड़ी संख्या में बाघ, हिरण, हाथी और कई दुर्लभ वन्यजीव पाए जाते हैं। यही वजह है कि हर साल देश-विदेश से हजारों पर्यटक दुधवा पहुंचते हैं। खासकर किशनपुर और कतर्नियाघाट रेंज वन्यजीव प्रेमियों के बीच काफी लोकप्रिय मानी जाती हैं।
तीन टाइगरों का यह VIDEO सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोग इसे खूब पसंद कर रहे हैं। वन्यजीव प्रेमी और पर्यटक लगातार VIDEO शेयर कर रहे हैं और दुधवा के जंगलों की खूबसूरती की तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स ने इसे “जंगल का रॉयल मोमेंट” बताया है।
दुधवा टाइगर रिजर्व में इस तरह के दुर्लभ दृश्य पर्यटकों के लिए हमेशा खास आकर्षण का केंद्र रहते हैं। यही कारण है कि दुधवा एक बार फिर वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।



