गन्ना भुगतान पर योगी सरकार घिरी! अजय राय ने CM को लिखा पत्र, पलिया के किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस का बड़ा हमला
"बजाज चीनी मिल के भुगतान पर कांग्रेस आर-पार, अजय राय की मुख्यमंत्री को चेतावनी भरी चिट्ठी"

“लखीमपुर खीरी में गन्ना भुगतान का मुद्दा अब पूरी तरह राजनीतिक रंग ले चुका है। पहले किसान कांग्रेस और अब यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर बजाज हिंदुस्तान चीनी मिल, पलिया कलां के किसानों का बकाया भुगतान तत्काल कराने की मांग की है। कांग्रेस ने साफ कहा है कि यदि किसानों को उनका हक नहीं मिला तो आंदोलन और तेज होगा।”
लखीमपुर खीरी: जिले की बजाज हिंदुस्तान चीनी मिल, पलिया कलां द्वारा गन्ना किसानों का बकाया भुगतान न किए जाने का मामला अब राजनीतिक रूप से गरमा गया है। किसानों के भुगतान को लेकर कांग्रेस ने योगी सरकार के खिलाफ मोर्चा तेज कर दिया है। पहले उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृज मौर्या ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बकाया भुगतान की मांग उठाई थी, वहीं अब उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर किसानों का भुगतान तत्काल सुनिश्चित कराने की मांग की है।
कांग्रेस का कहना है कि किसानों के गन्ने का मूल्य उनका कानूनी और नैतिक अधिकार है। भुगतान में लगातार हो रही देरी से हजारों किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। पार्टी ने सरकार से मांग की है कि बजाज हिंदुस्तान चीनी मिल, पलिया कलां के किसानों का समस्त बकाया भुगतान बिना किसी और देरी के कराया जाए।
गौरतलब है कि 12 मार्च 2026 को पलिया कलां में आयोजित कांग्रेस की विशाल किसान रैली में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, एआईसीसी के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडेय, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ और सीतापुर सांसद राकेश राठौर ने गन्ना भुगतान में हो रही देरी पर कड़ा विरोध जताया था। उस दौरान कांग्रेस नेतृत्व ने चेतावनी दी थी कि यदि किसानों का भुगतान समय पर नहीं हुआ तो पार्टी किसानों के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन करेगी।
इसी रैली में किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृज मौर्या को गन्ना किसानों के भुगतान के मुद्दे पर संघर्ष और आंदोलन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके बाद से वह लगातार किसानों की समस्याओं को सरकार और प्रशासन के सामने उठाते रहे हैं।
अब अजय राय के मुख्यमंत्री को पत्र भेजने के बाद यह मुद्दा फिर से चर्चा में आ गया है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है, जबकि किसानों को समय पर भुगतान मिलना उनका अधिकार है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।



