आतंक का पर्याय बना खूंखार तेंदुआ गन्ने के खेत में बिछे जाल में, कई दिनों की दहशत का हुआ अंत,ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
क्षेत्र में अभी भी कई तेंदुआ होने की ग्रामीणों और वन विभाग ने जताई आशंका,वन विभाग अलर्ट

लखीमपुर खीरी जिले के बेलरायां वन रेंज क्षेत्र में पिछले कई दिनों से ग्रामीणों के लिए आतंक का पर्याय बना तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के लगाए पिंजरे में कैद हो गया। भूलनपुर गांव के पास गन्ने के खेत में आज मंगलवार को सुबह तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर तेंदुए को सुरक्षित कब्जे में लेने की तैयारी में जुट गई।
बेलरायां वन रेंज के भिड़ौरी क्षेत्र स्थित भूलनपुर गांव के आसपास बीते कई दिनों से तेंदुए की लगातार चहलकदमी देखी जा रही थी। खेतों और आबादी के नजदीक उसकी मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था। लोगों ने कई बार वन विभाग को तेंदुए की गतिविधियों की जानकारी दी थी, जिसके बाद विभाग ने उसे पकड़ने के लिए रणनीति बनाते हुए विभिन्न स्थानों पर पिंजरे लगाए थे।
मंगलवार को सुबह ग्रामीणों ने देखा कि भूलनपुर गांव के पास गन्ने के खेत में लगाए गए पिंजरे में एक तेंदुआ कैद है। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं शुरू कर दीं।
वन रेंजर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि क्षेत्र में लगातार तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिल रही थी। ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग द्वारा पिंजरे लगाए गए थे। आज सुबह सूचना मिली कि एक तेंदुआ पिंजरे में फंस गया है। उन्होंने बताया कि तेंदुए को सुरक्षित रूप से बेलरायां वन रेंज कार्यालय लाया जाएगा, जहां स्वास्थ्य परीक्षण और अन्य औपचारिकताओं के बाद उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार उसे उपयुक्त एवं सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा।
तेंदुए के पकड़े जाने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
गौरतलब है कि बीती 7 जून को जिले के ईसानगर थाना क्षेत्र में तेंदुए ने एक दर्दनाक घटना को अंजाम देते हुए सात वर्षीय मासूम बच्चे को अपना शिकार बना लिया था, जिससे पूरे जिले में भय और आक्रोश का माहौल बन गया था। उस घटना के बाद वन विभाग पर तेंदुओं की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग तेज हो गई थी। ऐसे में बेलरायां क्षेत्र में तेंदुए का पकड़ा जाना वन विभाग के लिए बड़ी खबर है।



