“‘जूते से मारूंगा, पाकिस्तानी है…’ बयान से सुलगी पलिया की सियासत, रोमी साहनी के पलटवार में मनोज भारती पर ठगी के आरोप”

लखीमपुर खीरी की पलिया विधानसभा में अंबेडकर प्रतिमा विवाद से शुरू हुई तनातनी अब खुली सियासी जंग में बदल गई है। सोशल मीडिया पर भाजपा विधायक रोमी साहनी को ‘पाकिस्तानी’ कहने वाले दलित पैंथर के संयोजक मनोज कुमार भारती के खिलाफ पहले से मुकदमा दर्ज है, वहीं अब एक दलित परिवार भी सामने आकर उन पर मुआवजे की रकम हड़पने का आरोप लगा रहा है। दूसरी तरफ विधायक रोमी साहनी ने भी मनोज भारती पर दलित समाज के नाम पर ठगी करने जैसे गंभीर आरोप लगाए है
लखीमपुर खीरी की पलिया विधानसभा में अंबेडकर प्रतिमा विवाद के बाद शुरू हुआ सियासी संघर्ष अब आरोप-प्रत्यारोप के नए दौर में पहुंच गया है। दलित पैंथर के संयोजक और अध्यक्ष मनोज कुमार भारती ने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में भाजपा विधायक रोमी साहनी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए उन्हें ‘पाकिस्तानी’ तक कह दिया। इतना ही नहीं, वीडियो में उन्होंने विधायक के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जूते से मारने जैसी बात भी कही।
मनोज भारती का आरोप है कि 14 अप्रैल को अंबेडकर प्रतिमा स्थापना को लेकर हुए विवाद के दौरान विधायक रोमी साहनी ने एक पक्ष की महिला चंदा देवी का समर्थन किया और दलित समाज के लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाने का काम किया। दलित पैंथर संगठन ने इस मुद्दे को लेकर 15 जून को पलिया विधानसभा क्षेत्र में प्रदर्शन करने का आह्वान भी किया है।
गौरतलब है कि अंबेडकर प्रतिमा विवाद के दौरान आगजनी और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में पुलिस ने करीब 200 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इनमें से अब तक 38 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
इस बीच सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक अन्य वीडियो को लेकर भाजपा कार्यकर्ता अभिनंदन, निवासी विसेनपुरी, थाना संपूर्णानगर की तहरीर पर 10 जून को मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 196, 353(2), 356(1) और आईटी एक्ट की धारा 66-डी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि वीडियो में विधायक रोमी साहनी को पाकिस्तान से जोड़कर आपत्तिजनक बातें कही गई थीं।
वहीं भाजपा विधायक रोमी साहनी ने मनोज कुमार भारती के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए पलटवार किया है। विधायक का कहना है कि उनके खिलाफ लगाए जा रहे सभी आरोप निराधार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मनोज भारती दलित समाज के लोगों को भड़काकर ठगी करता है और उसके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।
रोमी साहनी ने दावा किया कि वर्ष 2023 में मितौली थाना क्षेत्र में एक दलित परिवार के साथ ठगी के मामले में मनोज भारती के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके अलावा संपूर्णानगर क्षेत्र में दो दलित युवतियों से पत्तल-दोना उद्योग लगाने के नाम पर छह लाख रुपये की ठगी के मामले में वह जेल भी जा चुका है।
इसी बीच नीमगांव थाना क्षेत्र के गांव कोरिया का एक दलित परिवार भी सामने आया है। परिवार का आरोप है कि वर्ष 2021 में अंबेडकर प्रतिमा विवाद के दौरान हरिजन एक्ट के तहत परिवार के पांच सदस्यों को 75-75 हजार रुपये का मुआवजा मिला था, लेकिन मनोज भारती ने कथित तौर पर धोखाधड़ी कर उनकी रकम हड़प ली। इस मामले में थाना नीमगांव में वर्ष 2023 में आईपीसी की धारा 406 के तहत मुकदमा भी दर्ज कराया गया था।
पीड़ित परिवार की महिलाओं लक्ष्मी देवी और मानसी देवी ने भी मनोज कुमार भारती पर गंभीर आरोप लगाए हैं और न्याय की मांग की है।
फिलहाल पलिया विधानसभा में आरोप और पलटवार की राजनीति चरम पर है। एक तरफ दलित पैंथर 15 जून को प्रदर्शन की तैयारी में जुटा है, तो दूसरी तरफ विधायक रोमी साहनी भी लगातार मनोज भारती पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। ऐसे में पलिया की सियासत में बढ़ते तनाव और आने वाले दिनों में होने वाले घटनाक्रम पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
हालांकि, इस पूरे मामले में लगाए गए आरोप संबंधित पक्षों के दावे हैं और इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। कई मामलों की जांच और कानूनी प्रक्रिया अभी जारी है।



